स्वांला के जंगल में लगी आग को बुझाते फायरबिग्रेड की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर सड़क से लगे स्वांला गांव के पास के जंगल में बृहस्पतिवार को आग भड़क गई। लोहाघाट से तत्काल अग्रि शमन दल ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में वन संपदा जल गई।
टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में इन दिनों बारहमासी सड़क की कटिंग का काम चल रहा है। यहां सड़क से लगे स्वांला के पास के जंगल में बृहस्पतिवार अपराह्न आग धधक गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अलबत्ता फायरमैन नरेंद्र प्रसाद, भूपेंद्र सिंह, प्रवीण महर, प्रमोद कुमार, मुकेश कुमार की टीम ने लोहाघाट से मौके पर पहुंच आग को बुझाया।
परेवा व धरसौं के जंगल में लगी आग
चंपावत। लधिया घाटी के परेवा व धरसौं के जंगल आग की चपेट में हैं। दावाग्नि से एक हेक्टेयर से अधिक जंगल प्रभावित हुआ है। वन विभाग की टीम आग बुझाने का प्रयास कर रही है। अलबत्ता खबर लिखे जाने तक आग नहीं बुझ सकी थी। चीड़ प्रजाति के पेड़ों की अधिकता होने के चलते लधिया घाटी के जंगल खासे संवेदनशील हैं। इस बार फायर सीजन में अब तक लधिया घाटी के जंगलों में छह बार आग लग चुकी है।