लोहाघाट के झूमाधुरी के जंगल में धधकती आग।
- फोटो : LOHAGHAT
चंपावत/लोहाघाट। लंबे समय से बारिश न होने के कारण गर्मी बढ़ने से जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जिले में क्वैराला घाटी, मझेड़ा, झूमाधुरी और कोयाटी के जंगलों में आग भड़की हुई है। जंगलों की आग के कारण चारों ओर धुआं और धुंध छायी हुई है। कई जगहों पर ग्रामीणों ने बेकाबू बनी जंगलों की आग को बुझाने का प्रयास भी किया। वनाग्नि से परेशान ग्रामीणों जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
लोहाघाट में रविवार की रात को पाटन पाटनी के झूमाधुरी और कोयाटी के आग लग गई। रात भर जंगल जलते रहे। ग्रामीणों की ओर से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आग की चपेट में आने से करीब तीन हेक्टेयर क्षेत्रफल में वन संपदा जल गई। ग्रामीणों का कहना है कि अराजक तत्वों की ओर से जंगलों को आग लगाई जा रही है। इससे वन संपदा को काफी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।