ककराली गेट के अंदर जंगल में एक पेड़ में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगलोें में आग लगने का क्रम जारी है। बूम वन रेंज के दो बीट क्षेत्रों में आग लगने से वन कर्मियों में अफरा तफरी मची रही। वन कर्मियों ने बमुश्किल आग को फैलने से रोका। विभाग ने दोनों ही वनाग्नि के मामले में अज्ञात के खिलाफ वन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। बूम वन रेंजर गुलजार हुसैन ने बताया कि रेंज के अंतर्गत शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे ब्रह्मदेव बीट और सुबह साढ़े छह बजे अमकर बीट में आग लग गई। सूचना मिलने पर अलग-अलग वन कर्मियों की टीमों ने आग पर काबू पाया। इसमें ब्रह्मदेव बीट की आग को दोपहर 12:10 बजे और अमकर बीट की आग को 12 बजे काबू किया जा सका। वन दरोगा भरत नेगी, वन रक्षक अजय अधिकारी, वन दरोगा गिरीश जोशी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने आग को फैलने से रोका और बुझाया। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
,,,,,,,,,,,
फायर ब्रिगेड ने भी ककराली गेट के पास जंगल में पेड़ में लगी आग बुझाई
टनकपुर(चंपावत)। क्षेत्र के ककराली गेट के अंदर शारदा वन रेंज के द्वान चौकी के जंगल में एक पेड़ में आग लग गई। फायर बिग्रेड ने भी सूचना मिलने पर तत्परता से आग को काबू किया। फायर ब्रिगेड के अनुसार शुक्रवार को ककराली गेट से अंदर जंगल में द्वान चौकी के पास विशालकाय पेड़ में आग लगने की सूचना मिली। अग्निशमन टीम ने त्वरित कार्रवाई कर वन संपदा को जलने से बचाया। टीम में अर्जुन सिंह, कृष्ण सिंह, त्रिभुवन प्रसाद,किरन जोशी, प्रिया दताल, तनुजा कोहली आदि शामिल रहे। संवाद
...............
जंगल की आग से झाड़ियों में फसा बोल्डर गाड़ी में गिरा
पिथौरागढ़।थल-डीडीहाट सड़क के जंगल में भीषण आग लगी रही। सड़क में क्षतिग्रस्त टेलीफोन लाइन को ठीक कर रही एक निजी संचार कंपनी के वाहन पर बोल्डर गिर गया। जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। एयरटेल कंपनी इंजीनियर चंदन वर्मा का कहना है कि जंगल की आग से जली केबिल को ठीक करने के लिए मौके पर टीम गई थी। जिस स्थान पर केबिल जली थी उस क्षेत्र में जंगल धधक रहे थे। आग से झाड़ियां जल गई जिसमें फंसा बोल्डर वाहन के ऊपर गिर गया। बोल्डर गिरने से वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। संवाद