टनकपुर तहसीलदार खुशबू पांडेय को ज्ञापन सौंपते मां पूर्णागिरि विकास संघर्ष समिति के लोग।
- फोटो : TANAKPUR
चंपावत। पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह माहरा ने होली के तत्काल बाद शुरू होने वाले पूर्णागिरि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता खत्म करने की मांग की है। उन्होंने डीएम विनीत तोमर से मुलाकात कर पूर्णागिरि मेले के लिए शासन की ओर से जारी एसओपी में बदलाव करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार महाकुंभ की अपेक्षा पूर्णागिरि धाम का मेला सीमित क्षेत्रफल में होने के कारण यहां आने वाले श्रद्धालुओं पर बंदिशें लगाया जाना गलत है। उन्होंने सरकारी गाइड लाइन के अनुसार एक दिन में अधिकतम दस हजार श्रद्धालुओं के ही दर्शनों की अनुमति को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई। कहा कि सामाजिक दूरी का पालन करते हुए दर्शनार्थियों की आवाजाही लगातार जारी रहनी चाहिए। डीएम विनीत तोमर ने उन्हें उचित कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया। इस मौके पर मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष डीडी पांडेय आदि मौजूद रहे। (संवाद )
पूर्णागिरि में श्रद्धालुओं से न लें पार्किंग शुल्क
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने तहसीलदार खुशबू पांडे को ज्ञापन देकर पूर्णागिरि मेला शुरू होने से मेला क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं को ठीक करने, मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से पार्किंग व प्रवेश शुल्क न लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं से शुल्क वसूलना जरूरी हो तो ठेकेदार के बजाए विभागीय स्तर पर वसूला जाए। उन्होंने नेपाल सड़क मार्ग पर कचरे के ढेर से पार्किंग व्यवस्था को हटाकर साफ स्थान पर पार्किंग बनाने, शहर में स्ट्रीट लाइटें ठीक करने, स्नानघाट मेला क्षेत्र में साफ सफाई व प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में केदार सिंह सामंत, नरेश सकारी, कुमुद जोशी, प्रभु सिंह, भीम रजवार, कमल कश्यप, कमल पंत, प्रवीन मेहता, कमलेश पांडेय आदि शामिल थे। (संवाद)