बाराकोट के एक राजस्व पुलिस क्षेत्र में चाचा-भतीजे में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें भतीजे का सिर फूटा और चाचा का कान कट गया। दोनों नशे में बताए गए हैं।
वहीं शुक्रवार सुबह होश आने पर चाचा को अपने किए पर ग्लानि हुई और उसने जहरीला पदार्थ गटककर जान देने की कोशिश की। लोहाघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। किसी पक्ष की ओर से केस दर्ज नहीं कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बाराकोट ब्लाक के एक गांव में बृहस्पतिवार रात चाचा-भतीजे ने एक साथ शराब पी। शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। बवाल इस कदर बढ़ गया कि चाचा ने भतीजे के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
जवाब में भतीजे ने भी धारदार हथियार से हमला कर चाचा का कान काट डाला। देर रात परिजन भतीजे को गंभीर हालत में सीएचसी लोहाघाट लाए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेजा। जहां इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
शुक्रवार की सुबह चाचा ने भतीजे की गंभीर स्थिति को देखा, तो जहरीला पदार्थ गटककर आत्महत्या की कोशिश की। परिजन चाचा को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे चंपावत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के डॉ.मुकेश ने बताया कि जहर गटकने वाले व्यक्ति की हालत अब खतरे से बाहर है। उधर राजस्व उप निरीक्षक का कहना है कि किसी भी पक्ष की ओर से घटना की तहरीर नहीं दी गई है।