चंपावत के सल्ली गांव में नाबालिग से कथित दरिंदगी के मामले में पांचवें आरोपी राहुल रावत को पुलिस ने सोमवार 25 मई देर रात गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। बता दें कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। बीते छह मई को सल्ली गांव में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया था। नाबालिग के पिता की तहरीर पर तब पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। विवेचना के बाद पुलिस ने नाबालिग के साथ दरिंदगी की घटना को फर्जी और बदले की भावना से रची साजिश बताया।
साजिश के तहत फंसे विनोद सिंह रावत के पिता ने कोतवाली में साजिशकर्ताओं के खिलाफ तहरीर दी । तहरीर के आधार पर पुलिस ने षड्यंत्र रचकर झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने के आरोप में सल्ली निवासी कमल रावत, कनलगांव निवासी उसकी महिला मित्र अर्जिता राय और बनबसा निवासी कांग्रेस नेता आनंद सिंह माहरा के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की। साक्ष्य संकलन के दौरान ग्राम सल्ली निवासी राहुल रावत का नाम भी आया सामने आया है। इन चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद पिथौरागढ़ जेल भेज दिया था।