15 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन चंपावत और लोहाघाट के बीच चलने वाली यात्री टैक्सियों में महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। मंगलवार को जिला मुख्यालय में चंपावत और लोहाघाट टैक्सी यूनियन की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। टैक्सी यूनियनों की इस पहल का विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया है।
कुमाऊं महासंघ उपाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि भाई-बहिन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार दुनिया में सबसे अनोखा पर्व है। रक्षाबंधन पर इस वर्ष चंपावत और लोहाघाट टैक्सी यूनियनों ने किसी भी बहिन से किराया नहीं लिए जाने का निर्णय लिया है। यात्रा का लाभ लोहाघाट से चंपावत और चंपावत से लोहाघाट के बीच तक दिया जाएगा।
इस मौके पर गोपाल सिंह भंडारी, चंचल सिंह सामंत, मनोहर सिंह, मोहन सिंह, प्रकाश सिंह, सुनील नाथ, मदन मोहन, कपिल, चरण दत्त, प्रदीप कुमा, दशरथ सिंह बोहरा, कमल किशोर, विजय कुमार, राजेश फर्त्याल, रमेश राम, प्रकाश तिवारी, राजेंद्र सिंह, दीपक राय, भीम सिंह, महेंद्र कुमार आदि वाहन चालक मौजूद रहे।
अब तक रोडवेज में ही मिलती थी यह सुविधा
चंपावत। रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को अब तक रोडवेज बसों में ही निशुल्क यात्रा की सुविधा प्राप्त होती थी लेकिन इस बार टैक्सी यूनियनों की ओर से नई पहल की जा रही है।