लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के ओखलंज गांव में तेंदुए की लगातार दस्तक से ग्रामीण सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग उठाई है। तेंदुए के डर से लोग घरों से दिन में भी बाहर निकलने से डर रहे हैं।
पूर्व ग्राम प्रधान राकेश सिंह बोहरा ने बताया कि करीब एक सप्ताह से तेंदुआ गांव के आसपास घूम रहा है। तेंदुए की लगातार दस्तक से ग्रामीण काफी सहमे हुए हैं। शाम होते ही लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं। महिलाएं चारे और लकड़ी के लिए जंगल जाने में डर रही हैं। ग्रामीणों ने वनविभाग से गांव में गश्त बढ़ाने, पिंजरों की संख्या बढ़ाने, तेंदुए को पकड़ने और अन्य सुरक्षात्मक उपाय करने की अपील की है। रेंजर आरके जोशी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया हुआ है। लगातार वन विभाग की टीम गश्त कर ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील कर रही है।
अमोड़ी बाजार में तेंदुए की दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
चंपावत। अमोड़ी बाजार क्षेत्र में तेंदुए के उत्पात को देखते हुए वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है। टीम ने क्षेत्र में लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक कर सावधानी बरतने की अपील की। बीते एक सप्ताह पूर्व अमोड़ी बाजार में तेंदुआ रात को घर की छत से घर में घुसा और पालतू कुत्ते को उठा ले गया था। इस घटना का नजारा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। सीसीटीवी की फुटेज वायरल होने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। मामले का संज्ञान लेकर रेंजर बृजमोहन टम्टा के नेतृत्व में विभाग की टीम ने क्षेत्र में लोगों को जागरूक किया। वन विभाग की टीम ने लोगों से सावधानी बरतने और बच्चों, बुजुर्गों को अकेले इधर उधर न भेजने की अपील की।