चमदेवल में प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
साधन सहकारी समितियों के सचिवों की हड़ताल से किसानों की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। कर्ज जमा न हो पाने की वजह से किसानों पर ब्याज की मार पड़ रही है।
लोहाघाट विकासखंड के गुमदेश के डुमडाई साधन सहकारी समिति से जुड़े किसानों ने ग्राम प्रधान मदन कलौनी के नेतृत्व में कृषि ऋण के नवीनीकरण की मांग को लेकर चमदेवल में प्रदर्शन किया। किसानों का कहना था कि मार्च के अंत तक ऋण का नवीनीकरण नहीं होने पर किसानों को मार्च के बाद चार फीसदी ब्याज के सापेक्ष 11 फीसदी ब्याज देना पड़ेगा।
उन्होंने शुक्रवार को लोहाघाट और शनिवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में प्रमोद कलौनी, कृष्ण सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रकाश धामी, भवानी दत्त, जोगा सिंह, त्रिलोक चंद्र, रामी राम आदि शामिल थे। एडीओ (सहकारिता) कमला माहरा का कहना है कि साधन सहकारी समितियों के सचिवों की हड़ताल के चलते समितियों का संचालन ठप पड़ा हुआ है।