बनबसा में परिवारीजनों के सेल्फी लेने के दौरान तीन वर्षीय एक बच्चा शारदा नहर में गिर गया। उसे बचाने के लिए एक युवक भी कूद गया लेकिन उसे तैरना नहीं आता था। इस पर बनबसा पुलिस ने तैराकों की मदद से दोनों को बचा लिया।
चंपावत जिले के बनबसा में परिवारीजनों के सेल्फी लेने के दौरान तीन वर्षीय एक बच्चा शारदा नहर में गिर गया। उसे बचाने के लिए एक युवक भी कूद गया लेकिन उसे तैरना नहीं आता था। इस पर बनबसा पुलिस ने तैराकों की मदद से दोनों को बचा लिया।
विज्ञापन
शारदा बैराज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई अरविंद कुमार ने बताया कि पीलीभीत से एक परिवार बनबसा केनाल काॅलोनी स्थित एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे शारदा नहर पुल पर कुछ लोगों के रोने की आवाज सुनकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पता चला कि परिवार के लोगों के सेल्फी लेने के दौरान तीन वर्षीय बच्चा मुस्तफा पुत्र मोहम्मद अरफीन सेल्फी लेते समय नहर में गिर गया।
उन्होंने बताया कि उनके समेत गोताखोर देवेंद्र गोस्वामी, एचसी विजय राणा और एजाज अहमद, कांस्टेबल रमेश कांडपाल, स्थानीय तैराक शाहरुख ने बच्चे को नदी से सकुशल बाहर निकाल लिया। बच्चे को बचाने के लिए उमेश भी नहर में कूद गया था लेकिन उसे तैरना नहीं आता था। बाद में पुलिस टीम ने उमेश को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। परिजन बच्चे को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने उसे स्वस्थ बताकर छुट्टी दे दी।