चंपावत में गांधी की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित।
- फोटो : अमर उजाला
जय चंद्र चौड़ाकोटी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी घोषित न किए जाने से आक्रोशित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों ने गांधी जयंती पर उपवास रखा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण परिषद के बैनर तले सेनानियों के आश्रितों ने मोटर स्टेशन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति के नीचे बैठ कर रामभजन गाए।
उनका कहना है कि कई प्रमाण होने के बावजूद सेनानी जयचंद्र चौड़ाकोटी को आज तक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी घोषित नहीं किया गया है। शासन प्रशासन द्वारा उनकी उपेक्षा की जा रही है। उनका कहना था कि स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस व अन्य राष्ट्रीय पर्वों पर शासन प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को आमंत्रित नहीं किया जाता है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण परिषद के अध्यक्ष महेश चंद्र चौड़ाकोटी के नेतृत्व में एकजुट हुए सेनानियों के आश्रितों सूखीढांग क्षेत्र के सात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में शामिल जय चंद्र चौड़ाकोटी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी घोषित न किए जाने पर आक्रोश जताया।
कहा कि सेनानी के संबंध में सभी अभिलेख उपलब्ध कराए जाने के बाद भी शासन प्रशासन द्वारा इस मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। उपवास रखने और राज भजन गाने वालों में चंद्रमोहन जोशी, गुमान सिंह प्रथोली, बृजमोहन चौड़ाकोटी, जानकी पाटी, प्रवीण ओली, चिरंजीलाल वर्मा, सज्जन लाल वर्मा, दीपा चौधरी, गिरधर सिंह फर्त्याल, बहादुर सिंह फर्त्याल, हरीश चंद्र जोशी आदि शामिल रहे।