फर्जी पंजीकरण के डंपर को सीज कर कोतवाली के सुपूर्द करते परिवहन विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम के आदेश के बाद परिवहन विभाग ने फर्जी पंजीकरण नंबर से शारदा खनिज निकासी में लगे डंपरों को पकड़ना शुरू कर दिया है। शनिवार को एआरटीओ ने खनिज ढो रहे एक डंपर को सीज कर पुलिस के सुपुर्द किया है। एआरटीओ का कहना है कि डंपरों को सीज कर उनके रजिस्ट्रेशन की पुन: जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
मार्च में खनिज निकासी में लगे 14 संदिग्ध डंपरों के पंजीकरण की जांच में डंपरों के फर्जी पंजीकरण का खुलासा हुआ था। डंपर मालिकों ने खनन में वाहनों के पंजीकरण की शर्त को पूरा करने के लिए अपने डंपरों को स्थानीय एआरटीओ कार्यालय में पंजीकृत दर्शाने वाले फर्जी दस्तावेजों तैयार किए थे और इन दस्तावेज के सहारे खनन विभाग के पंजीकरण कराया था।
मामले का खुलासा होने पर खनन विभाग ने आरोपित डंपरों का पंजीकरण रद्द कर उनकी जमानत राशि जब्त कर ली थी। खनन में फर्जीवाड़े के इस मामले की जिलाधिकारी रणवीर सिंह चौहान के निर्देश पर एसडीएम दयानंद सरस्वती और सीओ नरेश चंद ने जांच कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी तो उन्होंने एआरटीओ को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को एआरटीओ वीके सिंह ने आरोपित 14 डंपरों में से कुलदीप सिंह पाटनी नामक व्यक्ति के डंपर (यूए07 सी/7702) को सीज कर कोतवाली के सुपुर्द किया है। एआरटीओ ने बताया कि फिलहाल डंपरों की धर-पकड़ शुरू की गई है। फर्जी पंजीकरण के दस्तावेजों की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।