चिकित्साधिकारी डॉ. हेमंत शर्मा को फेस प्रोटेक्शन इक्यपूमेंट सौंपते युवा व्यवसायी मुकेश खर्कवा?
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। कोरोना का संक्रमण रोकने में जुटे डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों को लोगों के स्वास्थ्य की चिंता है तो कुछ लोग डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों के स्वास्थ्य की भी चिंता कर रहे हैं। शहर के एक युवा व्यवसायी ने ऐसी ही मिसाल पेश की है। उसने वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए अपनी ओर से फेस प्रोटेक्शन इक्विपमेंट (एफपीई) बनाकर डॉक्टरों की टीम को भेंट किए हैं।
इलाज में जुटे डॉक्टरों समेत सहयोग स्वास्थ्यकर्मियों के पास जरूरी संसाधनों की कमी बताई जा रही है। ऐसे में शहर के सीमेंट रोड स्थित खर्कवाल गद्दी मेकर के स्वामी मुकेश खर्कवाल ने डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों को सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने की ठानी। मुकेश ने डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए अपने खर्च पर एफपीई बनाकर देने की ठानी। मुकेश ने दो दिन में करीब 17 एफपीई बनाकर सोमवार को डॉ. हेमंत शर्मा को सौंपे। मुकेश अभी और एफपीई बना रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मुकेश की पहल को सराहा है। एसीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी, डॉ. वीके जोशी, डॉ. हेमंत शर्मा, डॉ. आफताब अंसारी, डॉ. मानवेंद्र शुक्ल आदि ने कहा कि मदद की ऐसी सोच हर जंग में हौसला बढ़ाती है।
फील्ड में काम कर रहे ज्यादातर कर्मचारियों के पास कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी संसाधन नहीं हैं। मुकेश का एफपीई वायरस का संक्रमण रोकने में कारगर रहेगा। हालांकि यह उपकरण प्रामाणिक तो नहीं है, लेकिन सुरक्षा में यह बेहद उपयोगी रहेगा। - डॉ. एचएस ह्यांकी, एसीएमओ चंपावत।