चंपावत। सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कर्मचारी संगठन के आह्वान पर पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के कर्मियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। बृहस्पतिवार को आंदोलन को आम आदमी पार्टी का समर्थन मिला। पार्टी के नेता हयात सिंह अधिकारी और राजेश बिष्ट के नेतृत्व में धरना स्थल पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के कर्मियों की मांगों को तर्कपूर्ण बताते हुए पार्टी के स्तर से आगे उठाने का आश्वासन दिया।
पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के कर्मी केंद्रीय सैनिक बोर्ड के दिशा-निर्देश के अनुसार नियुक्ति और लाभ देने, नियमितीकरण करने, सातवें वेतनमान का लाभ 2016 से देने, 2018 से बंद बोनस को फिर से शुरू करने सहित कई मांगों को लेकर पहली मार्च से आंदोलन में हैं। कर्मियों ने कहा कि मांगों को लेकर ठोस कार्रवाई हुए बगैर वे काम पर नहीं लौटेंगे। नरेंद्र चंद, महेश जोशी, ललित अधिकारी, अमर सिंह, संतोष राम, संजय जोशी, पार्वती देवी, मदन मोहन पांडेय, किशोर थापा, भीम नाथ आदि ने धरना दिया। समर्थन करने वाले आप नेताओं में प्रताप बिष्ट, जीवन बिष्ट, विपिन बहुगुणा, विक्रम कठायत आदि शामिल थे।