चंपावत। टनकपुर-चंपावत एनएच पूरी तरह सुचारु नहीं होने से समाज का हर वर्ग का व्यक्ति परेशान है। लोगों का कहना है कि दो जिलों की लाइफ लाइन को स्थायी समाधान की जरूरत है। हर बारिश में स्वाला डेंजर जोन मुसीबत बन रहा है।
सोमवार को एनएच पर हल्के वाहनों का संचालन चंपावत से टनकपुर के लिए किया गया। इससे लोगों को लंबे सफर से राहत तो मिली है, लेकिन टनकपुर से उन्हें सिप्टी या देवीधुरा होते हुए आना होगा। ऐसे में उनके लिए अभी भी सफर आसान नहीं है। एनएच के ईई दीपक जोशी ने बताया कि शाम पांच बजे बाद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। प्रयास है कि जल्द दोनों तरफ यातायात सुचारु कर लिया जाएगा। बारिश नहीं हुई तो यातायात सुगम बनाने का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
-
20 लाख का नुकसान
व्यापार संघ अध्यक्ष विकास शाह ने बताया एनएच बंद होने होने के कारण करीब 20 लाख का कारोबार प्रभावित हुआ है। मैदानी क्षेत्र से जरूरी सामान लेकर आने वाहनों को घूमकर आना पड़ रहा है। व्यापारियों को हर दिन लाखों का नुकसान उठाना पड़ रहा है।