मेले में बिछुड़ी मां-बेटी को परिजनों के सुपूर्द करती महिला पुलिस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही का क्रम लगातार बना हुआ है। बुधवार को करीब बीस हजार से अधिक भक्तों ने देवी मां के दर्शन किए। इधर, जल संस्थान बुधवार को चौथे दिन भी टुन्यास क्षेत्र की जलापूर्ति सुचारु नहीं कर सका, जिससे दुकानदारों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
23 मार्च से शुरू हुए मेले में हर दिन हजारों की संख्या में देवी भक्तों की आवाजाही हो रही है। निजी वाहनों के साथ ही बाइक, साइकिल और देवी के डोले लेकर दूर-दराज से काफी संख्या में श्रद्धालु पैदल मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। मेले के चलते पूर्णागिरि धाम के साथ ही शारदा स्नानघाट और पड़ोसी देश नेपाल के सीमांत बाजारों में भी खासी रौनक बनी हुई है। मां श्री पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि बुधवार को 24 घंटे में करीब बीस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि टुन्यास क्षेत्र की जलापूर्ति सुचारु न होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। जल संस्थान के जेई बीएस कुवार्बी का कहना है कि ठेकेदार द्वारा लाइन की मरम्मत के लिए कर्मचारियों की टीम निगालीगाड़ भेजी गई है, बुधवार देर रात तक जलापूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों में मारे छापे
टनकपुर। दूषित और बांसी खाद्य सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाने को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मां पूर्णागिरि धाम और शहर क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों पर छापे मारकर खाद्य सामग्रियों की जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने बताया कि ठूलीगाड़ प्रवेश द्वार के भंडारा स्थलों का निरीक्षण की जिला पंचायत को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और भंडारा संचालकों को भंडारे के प्रसाद में गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री का प्रयोग करने की हिदायत दी गई है। भैरव मंदिर से काली मंदिर तक भोजनालय संचालकों को खाद्य सामग्री को सूती कपड़े अथवा जाली से ढक कर रखने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता ने शारदा स्नानघाट के भोजनालयों और दुकानों में खाद्य सामग्रियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि भोजनालय और ढाबा संचालकों को बांस और दूषित खाद्य सामग्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की हिदायत दी गई है। ब्यूरो
मेले में बिछुड़ी मां-बेटी को परिजनों से मिलाया
पुलिस ने पूर्णागिरि मेले में परिजनों से बिछुड़ी मां-बेटी को उनके परिजनों से मिलाया। कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि बाराबंकी निवासी रामवती पत्नी टीकाराम और उनकी बेटी आशा पूर्णागिरि धाम में भीड़ के बीच परिजनों से बिछुड गए थे। पुलिस कर्मियों ने उनके परिजनों को खोज दोनों को उनके सुपुर्द किया है।