शिक्षा विभाग के चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी संगठन का द्विवार्षिक मंडलीय अधिवेशन बृहस्पतिवार को शिक्षा भवन सभागार में शुरू हुआ। मुख्य शिक्षा अधिकारी नवीन चंद्र पाठक, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक केसी शाक्य ने दीप प्रज्जवलित कर अधिवेशन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी विभाग की रीढ़ हैं, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस मौके पर संगठन के प्रदेश संयोजक ईश्वरी दत्त पांडेय और मंडलीय अध्यक्ष ज्वाला दत्त उपाध्याय ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति का परीक्षाफल जारी करने और पदोन्नति सूची जारी करने, प्राइमरी से लेकर इंटर तक सभी स्कूलों में चौकीदार का पद सृजित किए जाने और प्रमोशन और सेवानिवृत्ति के बाद रिक्त हुए पदों को भरने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस मौके पर मिनिस्ट्रीयल फैडरेशन जिलाध्यक्ष डीके पंत, एलएम चतुर्वेदी, हेम उप्रेती, रवींद्र पांडेय, नागेंद्र जोशी, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के रमेश देव, ईश्वरी दत्त, मंडलीय अध्यक्ष प्रेम राम टम्टा, दीवान सिंह, कैलाश कलौनी, नवीन सिंह नेगी, गिरीश राय, सोबन सिंह, जगदीश पांडेय, गुमान सिंह, गणेश वर्मा, केशर सिंह फत्र्याल आदि ने विचार रखे। अधिवेशन के दूसरे सत्र में मंडलीय और जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।