बाराकोट ब्लाक के धटी गांव में खुली बैठक में जानकारी देते प्रतिनिधि।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। बाराकोट ब्लॉक की धटी गांव में हुई खुली बैठक में मनरेगा की अगले वित्त वर्ष (2021-22) की कार्ययोजना रखी गई। प्रधान मंजू देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ब्लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल ने पंचायत में चल रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रवासी और अन्य ग्रामीणों को मनरेगा और अन्य योजनाओं से रोजगार दिया गया है। उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी को काम करने वाले हर व्यक्ति को अनिवार्य रूप से मास्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
खुली बैठक में चतुर्थ और राज्य वित्त आयोग की कार्ययोजना तय की गई। मौजूदा काम के अलावा आय-व्यय का ब्योरा रखा गया। खंड विकास अधिकारी महेंद्र प्रसाद कांडपाल, ग्राम विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, ग्राम पंचायत अधिकारी संजय कुमार आर्या, लक्ष्मणनाथ सहित तमाम ग्रामीण मौजूद थे।
37 फड़ व्यापारियों के कर्ज मंजूर हुए
लोहाघाट (चंपावत)। नगर पंचायत की पहल पर प्रधानमंत्री स्व निधि ऋण योजना के तहत हुई बैठक में 37 फड़, खोखा व्यापारियों को ब्याज रहित ऋण सुविधा स्वीकृत किए गए। बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई बैंकों के शाखा प्रबंधकों ने खोखा फड़ व्यापारियों को ऋण योजना का लाभ लेने की जानकारी दी। योजना के तहत नगर क्षेत्र के फड़ खोखा व्यापारियों को 10 हजार रुपये तक बिना ब्याज के कर्ज दिया जा रहा है। ऋण के लिए 42 लोगों ने आवेदन किया, इनमें से 37 के कर्ज स्वीकार कर लिए गए हैं। इस मौके पर एसडीएम आरसी गौतम, ईओ कमल कुमार, भुवन उपाध्याय आदि मौजूद थे।