चंपावत। चंपावत के जीपीओ (मुख्य डाकघर) के सर्वर में आई खामी सात दिन बाद भी ठीक नहीं हो सकी। इससे डाकघर में स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, लेनदेन सहित तमाम कामकाज ठप रहा। खामी दूर करने के लिए देहरादून से मंगाए गए मॉडम के रविवार को आने के साथ सोमवार से व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद जताई जा रही है।
चंपावत जीपीओ में 14 फरवरी से आई तकनीकी खामी अब तक ठीक नहीं हो सकी है। मॉडम में आई खामी से कामकाज पूरी तरह बाधित होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस जीपीओ से जुड़े 21 अन्य ग्रामीण शाखा डाकघरों का काम भी ठप हुआ। चंपावत के पोस्टमास्टर ईश्वरी दत्त जोशी ने बताया कि खामी दूर करने के लिए देहरादून से मॉडम भेज दिया गया है। उम्मीद है कि सोमवार से व्यवस्था में सुधार हो जाएगा। व्यवधान के चलते अब तक पौने दो करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है।