चंपावत। जिले में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट परीक्षा की कॉपियों को जांचने का काम बुधवार को पूरा हो गया है। अब हाईस्कूल की मात्र 1550 कॉपियां जांचनी बाकी हैं, जिसे 28 अप्रैल को पूरा कर लिया जाएगा। पहले मूल्यांकन का काम 25 अप्रैल तक पूरा होना था। मुख्य शिक्षाधिकारी (सीईओ) नवीन चंद्र पाठक ने बताया कि जिले में 94182 उत्तर पुस्तिकाओं में से 92632 कॉपियां जांची जा चुकी हैं। बाकी 1550 कॉपियां बृहस्पतिवार को जांच ली जाएंगी। चंपावत जिले में दो मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।
लोहाघाट मूल्यांकन केंद्र में इंटरमीडिएट की 16647, टनकपुर केंद्र में 14124 कॉपियां जंच चुकी हैं, जबकि लोहाघाट में हाईस्कूल विज्ञान की 1200 कॉपियों समेत 22419 कॉपियां जंचनी बाकी हैं। टनकपुर में भेजी गईं 40992 में से हिंदी की 350 कॉपियां जंचनी हैं। दोनों मूल्यांकन केंद्रों में 227 परीक्षकों द्वारा कॉपियां जांची गई। सीईओ पाठक ने बताया कि मूल्यांकन पूरा होने के बाद जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं को पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामनगर स्थित बोर्ड कार्यालय भेजा जाएगा।