लोहाघाट सीएचसी परिसर में खड़ी कार के शीषे में आई दरार।
- फोटो : अमर उजाला
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक व्यक्ति ने चिकित्साधीक्षक (एमएस) डॉ. वीके जोशी के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट कर अभद्रता की। मारपीट में एमएस डॉ. जोशी मामूली रूप से घायल हो गए। आरोप है कि आरोपी ने उनकी कार के शीशे भी तोड़ डाले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। इस घटना से आक्रोशित अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की।
चिकित्साधीक्षक डॉ. वीके जोशी ने बताया कि बुधवार की रात करीब 9 बजे कर्णकरायत निवासी पवन सिंह करायत अपने बच्चे को लेकर अस्पताल आया। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ.मंजीत सिंह ने मरीज का इलाज किया। लेकिन पवन सिंह बच्चे का इलाज अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं चिकित्साधीक्षक डॉ. जोशी से कराना चाह रहा था। इसके लिए उसने कई बार चिकित्साधीक्षक को फोन किया। पांव में चोट होने से चिकित्साधीक्षक डॉ. जोशी को चलने-फिरने में तकलीफ थी। उन्होंने पवन सिंह को आवास में आकर परेशानी बताने को कहा। परेशानी बताने के बजाय पवन सिंह ने सरकारी आवास में घुसकर डा.जोशी के साथ मारपीट व अभद्रता कर डाली। चिकित्साधीक्षक के शरीर में कई चोटें आई हैं। चिकित्साधीक्षक डॉ. जोशी का कहना है कि आरोपी ने परिसर में खड़ी उनकी कार के शीशे भी तोड़ डाले।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। चिकित्साधीक्षक डॉ. जोशी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पवन सिंह करायत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323 और 452 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष हेमंत सिंह कठायत ने बताया कि अभी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। अलबत्ता पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।