टनकपुर के मुख्य बाजार में पुलिस फोर्स के साथ फुटपाथों से अतिक्रमण हटाते नगर पालिका कर्मी।
- फोटो : TANAKPUR
चौबीस घंटे की हिदायत खत्म होते ही सोमवार को प्रशासन ने पुलिस की मदद से शहर के बाजार में फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले दिन मुख्य बाजार में चड्डा चौराहे से मोतीराम चौराहे तक दोनों और फुटपाथों पर लगाई गई दुकानें हटवाई। प्रशासन कार्रवाई से अतिक्रमणकारी व्यापारियों में खलबली मची रही। अतिक्रमण विरोध यह कार्रवाई जारी रहेगी।
शहर के मुख्य बाजार सीमेंट रोड और पंत मार्ग के फुटपाथों पर हुए अतिक्रमण को लेकर हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका पर कोर्ट के आदेश के बाद से नगर पालिका और प्रशासन पिछले एक माह से अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर रहा था। 16 नवंबर को व्यापारियों को चौबीस घंटे के अंदर खुद अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई थी।
व्यापारियों ने जब अतिक्रमण नहीं हटाया तो सोमवार को एसडीएम दयानंद सरस्वती, एसएसआई राजेंद्र सिंह डांगी के नेतृत्व में नगर पालिका और पुलिस टीम ने मुख्य बाजार से बल पूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। एसडीएम ने बताया कि पालिका द्वारा चिह्नित सभी अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा है कि यदि व्यापारियों ने फिर फुटपाथ पर अतिक्रमण की कोशिश की तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।