टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-पीलीभीत के बीच बड़ी रेल लाइन निर्माण के लिए रेलवे ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं। टनकपुर और बनबसा क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों को मिले नोटिस में खुद अतिक्रमण नहीं हटाने पर बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने और कार्रवाई में आने वाला खर्च भी अतिक्रमणकारी से वसूलने की हिदायत दी गई है। उधर, नोटिस से अतिक्रमणकारियों में खलबली मची है।
15 जून से टनकपुर-पीलीभीत के बीच ट्रेनों का संचालन बंद कर रेलवे ने बड़ी रेल लाइन बिछाने की योजना तय की है। इसके लिए डीआरएम इज्जतनगर बरेली के अलावा पूर्वोत्तर रेलवे (गोरखपुर) के महाप्रबंधक पिछले दिनों टनकपुर तक दौरा कर प्रस्तावित रेल लाइन निर्माण और स्टेशनों का जायजा ले चुके हैं। रेलवे के सूत्रों के मुताबिक 15 जून के बाद बड़ी रेल लाइन का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू होगा।
इसके लिए बनबसा और टनकपुर में रेलवे की भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है। रेलवे ने नोटिस जारी कर अतिक्रमण पर हथौड़ा चलाने के संकेत दे दिए हैं, जिससे अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई है। वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर/कार्य पीलीभीत के हस्ताक्षर से जारी नोटिस में कहा गया है कि रेलवे की भूमि पर अनाधिकृत रूप से अतिक्रमण को अतिक्रमणकारी खुद हटा लें, वरना रेलवे द्वारा बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।