निर्माणाधीन तालाब से एसडीएम ने हटवाए अतिक्रमण
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे स्टेशन के आसपास अतिक्रमण पर सोमवार से रेलवे का हथौड़ा चलेगा। इसके लिए रेलवे ने पूरी तैयारी कर स्थानीय प्रशासन से सहयोग मांगा है। इधर अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई का पता चलने पर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बड़ी रेल लाइन सेवा शुरू होने के बाद अब टनकपुर से लंबी दूरी की एक्सप्रेस सेवा शुरू करने की कवायद तेजी से चल रही है। रेलवे मंत्रालय ने फिलहाल बरेली से चलनेे वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस का मार्ग बढ़ाकर टनकपुर तक करने की मंजूरी दी है। हालांकि अभी रेलवे ने एक्सप्रेस सेवा शुरू करने की तिथि तय नहीं की है। इससे पहले टनकपुर स्टेशन यार्ड में रेलवे की भूमि पर दोनों तरफ हुए अतिक्रमण को हटाने की तैयारी की गई है।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) ने स्थानीय प्रशासन को पत्र भेज सोमवार से अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई शुरू करने की सूचना देकर सहयोग मांगा है। रेलवे की ओर सेे कहा गया है कि फरवरी में रेलवे के महाप्रबंधक का निरीक्षण कार्यक्रम तय है।
इसके मद्देनजर पीलीभीत-टनकपुर खंड के टनकपुर स्टेशन के यार्ड में दोनों तरफ रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से अस्थायी कच्ची दुकानों और झालों को हटाने की कार्रवाई की जानी है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक सोमवार को अतिक्रमण हटाने के लिए बरेली से रेलवे पुलिस फोर्स टनकपुर पहुंचेगी।