बनबसा में सरकारी भूमि पर पक्के भवन निर्माण को ध्वस्त कराते एसडीएम दयानंद सरस्वती।
- फोटो : TANAKPUR
रेलवे लाइन पार मीना बाजार में यूपी सिंचाई विभाग के कब्जे वाली सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर पक्के भवनों के निर्माण की शिकायत पर प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। शुक्रवार को राजस्व, यूपी सिंचाई विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे एसडीएम दयानंद सरस्वती ने निर्माणाधीन पक्के अतिक्रमण ध्वस्त कराए।
उन्होंने राजस्व विभाग, पुलिस और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सरकारी भूमि पर सख्ती से अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए हैं। इधर प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा।
विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिली भगत से मीना बाजार क्षेत्र में सरकारी भूमि पर पक्के भवनों के निर्माण का खेल लंबे समय से चल रहा है। प्रशासन की आंखों के सामने बेशकीमती पेड़ों से भरा जंगल पिछले कुछ ही सालों में घनी आबादी और कंक्रीट के जंगल में बदल चुका है। अतिक्रमण का सिलसिला अब भी थमा नहीं है। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर शुक्रवार को सिंचाई विभाग, राजस्व और पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने सरकारी भूमि पर निर्माणाधीन चार पक्के भवनों को ध्वस्त कराया।
अतिक्रमणकारियों को भविष्य में अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। अतिक्रमण करने वालों में प्रदीप कुमार पुत्र रमेश प्रसाद, गुरू मंडल पुत्र क्षितिज मंडल, बाबू पुत्र कन्हैया और राकेश श्रीवास्तव शामिल थे। अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम में सिंचाई विभाग के एसडीओ डीसी कांडपाल, जिलेदार हरीकिशन लाल, प्रभारी ईओ केएस रंजन, जेई वसीम अहमद, एसआई सुमन पंत, पटवारी अमर सिंह मंगला, यूपी सिंचाई विभाग के जिलेदार अशोक कुमार, जेई, आरएस यादव, सीजपाल मोहन लाल आदि मौजूद थे।