चंपावत। कोरोना काल में ये उम्मीदभरी खबर है। उत्तराखंड सरकार के होप (हेल्पिंग आउट पीपुल एवरीवेयर) पोर्टल में पंजीकरण कराने वालों के लिए प्रदेश की कई कंपनियों में रोजगार के मौके उपलब्ध हैं।
चंपावत जिले में होप पोर्टल में अब तक 1001 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। सहायक सेवायोजन अधिकारी खजान पाठक ने बताया कि प्रदेश सरकार में काम करा रहीं कंपनियों में रिक्तियां होने पर काम पाने के लिए होप पोर्टल में पंजीकरण जरूरी होगा। इस पोर्टल में प्रदेश की 84 कंपनियों ने 2260 खाली पदों की उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में नियुक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं इस वक्त चंपावत जिले में 25105 बेरोजगार पंजीकृत हैं।
इधर कोरोना महामारी के बीच दूसरे राज्यों सेे अब तक 23 हजार से अधिक प्रवासी चंपावत जिले मेें पहुंच चुके हैं। इन प्रवासियों के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं में पंजीकरण किए जा रहे हैं। साथ ही करीब 1015 लोगों को मनरेगा के तहत काम भी दिया गया है।