नगर पालिका के सेवारत और रिटायर्ड कर्मचारियों को होली से पहले फरवरी का वेतन और पेंशन मिल जाएगी। सोमवार को हुई बैठक में पालिका बोर्ड ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। मेले की व्यवस्थाओं के ठेकों की नीलामी जल्द होगी। ईओ को शहर मेला क्षेत्र का मेला अधिकारी बनाया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में इस बार भी शहर क्षेत्र में पूर्व की तरह पुरानी पानी की टंकी से मेले का संचालन होगा। मेले के दौरान सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को दिहाड़ी में अतिरिक्त पर्यावरण मित्रों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। बिजली, पार्किंग, तहबाजारी व मेला क्षेत्र में अस्थायी दुकानों के ठेकों की शीघ्र नीलामी करने पर सहमति बनी है। सेवारत व रिटायर्ड कर्मचारियों के साथ ही मोहल्ला स्वच्छता समिति को भी होली से पहले मानदेय का भुगतान करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा बोर्ड ने पिछली बैठक के प्रस्तावों की पुष्टि की और टनकपुर में तैनात रह चुके एसडीएम जेएस राठौर के निधन पर दो मिनट का मौन रख बैठक का समापन किया। बैठक में सभासद हसीब अहमद, देवेंद्र सिंह, गिरीश खर्कवाल, शोभा देवी, पूजा निषाद आदि थे।