चंपावत। ब्लॉक के बुड़म में एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडे की अध्यक्षता में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान डॉ. तनीषा अग्रवाल ने गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित जांच, संतुलित आहार और समय पर उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इससे मां और शिशु दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहता है। साथ ही एचपीवी टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई।
शिविर में जननी सुरक्षा योजना, ईजा-बोई शगुन योजना, नियमित टीकाकरण, परिवार नियोजन, टीबी उन्मूलन अभियान, मोतियाबिंद मुक्त अभियान, एनसीडी और योग कार्यक्रमों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। इस मौके पर सीपीएचसी कोऑर्डिनेटर संगीता जोशी, बीसीसी फैसिलिटेटर अमित बिष्ट, एएनएम फरा खान, आशा कार्यकर्ता माया देवी, ग्राम प्रधान त्रिलोक राम, पूर्व प्रधान मोहन सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद