चंपावत। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीबी की समय पर पहचान, जांच और इलाज सुनिश्चित करने के साथ अभियान को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान अधिकारियों को संभावित मरीजों की जल्द जांच, उपचार और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने माई भारत वॉलंटियर्स, एनसीसी और एनएसएस के सहयोग से स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में टीबी जागरूकता बढ़ाने और निक्षय पोषण किट के लिए अधिक से अधिक सहयोग जुटाने पर जोर दिया। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि टीबी एक संक्रामक लेकिन पूरी तरह ठीक होने वाली बीमारी है। समय पर जांच और नियमित इलाज से इसे नियंत्रित किया जा सकता है। इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सोनाली मंडल ने कहा कि निक्षय मित्र योजना के तहत मरीजों को पोषण किट देने में जिले ने 96.37 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है जो प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है। बैठक में एसीएमओ डॉ. बलबीर सिंह, डॉ. इंद्रजीत पांडेय, एनसीसी कमांडेंट नरेंद्र सिंह, कमांडेंट नुमन थापा, पीएमएस डॉ. एचएस ह्यांकी, डॉ. विराज राठी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सोनाली मंडल, डॉ. भावना खेतवाल आदि रहीं रहे।