पूर्णागिरि मार्ग के जंगल से लगे गैंड़ाखाली गांव में हाथियों के झुंड ने एक किसान के पॉलीहाउस और उसमें रखी मशीनों को तहस-नहस कर किया है। तीन दिन से गांव में लगातार दस्तक दे रहे हाथियों से ग्रामीणों में खासा खौफ बना है। उन्होंने वन विभाग एवं प्रशासन से जल्द सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है।
इन दिनों क्षेत्र के जंगलों में हाथियों का बड़ा झुंड घूम रहा है, जो आए दिन रात के वक्त गांवों में घुसकर किसानों की फसल तबाह कर रहा है। गैंड़ाखाली गांव में तीन दिनों से लगातार आ रहे झुंड ने दलीप सिंह महर का पॉलीहाउस और उसमें रखे बर्तन, शहद निकालने की मशीन, पांच कनस्तर शहर नष्ट कर किया है। पीड़ित किसान ने बताया कि तीन हाथियों के झुंड ने रात करीब साढ़े दस बजे गांव में घुसकर उत्पात मचाया है। उसके मुताबिक हाथी तीन दिन सेे लगातार गांव में आ रहे हैं, जिनसे जान-माल का भी खतरा बना है। ब्लॉक प्रमुख पुष्पा सकारी, ग्राम प्रधान कलावती देवी, वार्ड सदस्य चंद्रमोहन, माया देवी, समाजसेवी नरेश सकारी आदि का कहना है कि इन दिनों पूर्णागिरि मेला चल रहा है और दिन-रात श्रद्धालु पैदल आवाजाही कर रहे हैं, ऐसे में हाथियों की दस्तक से श्रद्धालुओं की सुरक्षा की खतरे में हैं। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से जल्द कोई कारगर कदम उठाने की गुहार लगाई है।