टनकपुर में शारदा रेंज से सटे मां पूर्णागिरि मार्ग पर बूम के पास हाथी के उत्पात के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। हाथी ने मंगलवार देर रात एक बार फिर बूम क्षेत्र में परचून की एक दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस रेस्ट हाउस के गेट को भी तोड़ने का प्रयास और कई पेड़ तोड़ डाले। शारदा रेंजर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर वन कर्मियों की एक टीम को घटनास्थल के पास तैनात किया गया है।
शारदा वन रेंज के मां पूर्णागिरि मार्ग से सटे उचौलीगोठ से लेकर बूम तक तीन-चार महीने से हाथियों का उत्पात बना हुआ है। सोमवार की रात को एक हाथी ने बूम क्षेत्र में उचौलीगोठ निवासी जगत सिंह की किराने की कच्ची दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया था। वन कर्मियों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे एक बार फिर हाथी क्षेत्र में पहुंच गया और बूम स्थित जगत सिंह के किराने की कच्ची दुकान को तोड़ने लगा। आहट होने पर वन कर्मियों, पुलिस और आसपास के लोगों ने शोर मचाया।
इस बीच हाथी ने वन विभाग के गेस्ट हाउस के गेट को तोड़ने का भी प्रयास किया। शोर मचाने पर हाथी जंगल की ओर भाग गया। शारदा रेंजर पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि मां पूर्णागिरि मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक है, इसको देखते हुए सुुरेंद्र सिंह बोहरा, राम सिंह आदि के नेतृत्व में एक टीम को घटनास्थल के पास तैनात कर दिया गया है। उन्होंने जंगल से सटे गांवों के ग्रामीणों को जंगल में अधिक अंदर जाने पर सतर्कता बरतने पर जोर दिया है।