टनकपुर (चंपावत)। उचौलीगोठ गांव में हाथी की दहशत बरकरार है। हाथी ने एक घर का गेट क्षतिग्रस्त कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त तेज करने और मुआवजा देने की मांग की है। समाजसेवी गणेश महर ने बताया कि अकेला हाथी गांव में आ रहा है। अब तक कई किसानों की गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामीण गिरीश भट्ट के गेट को हाथी ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। संवाद
बलतड़ी में जंगली सुअर पहुंचा रहे फसलों को नुकसान
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सीमा से सटे बलतड़ी गांव में जंगली सुअर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुअरों से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीण राजू भंडारी, रमेश चंद रोडियाल, खीमानंद भट्ट, नवीन भंडारी, रवि धनिक और पुष्कर चंद का कहना है कि जंगली सुअरों ने जौ की फसल को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। किसान सालभर दिन-रात मेहनत कर फसल उगाता है लेकिन जंगली जानवर उसे बर्बाद कर देते हैं। उन्होंने वन विभाग से सुअरों से निजात दिलाने की मांग की है। संवाद
झूलाघाट के बलतड़ी में जंगली सुअरों ने इस तरह फसल को बर्बाद कर दिया है। स्रोत : ग्रामीण
दिन दहाड़े आबादी में तेंदुए की धमक ने बढ़ाई ग्रामीणों में दहशत
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट मार्ग में गलचौड़ा के पास दिनदहाड़े आए दिन तेंदुआ दिखने से लोगों में दहशत में हैं। वन विभाग की ओर से लगाए पिंजरे तक तेंदुआ नहीं आ रहा है। लोगों ने वन विभाग से तेंदुआ की दहशत से निजात दिलाने की मांग की है।
सुंई क्षेत्र के नवल चतुर्वेदी, विनोद ओली, दिनेश ओली, ललित ओली, प्रकाश कुमार आदि ने बताया कि बाराकोट मार्ग में गलचौड़ा के पास तेंदुआ फिर दिखने लगा है। पूर्व में तेंदुए ने गलचौड़ा में दो बाइक सवारों पर हमला भी किया था। दिनदहाड़े सड़क के पास तेंदुआ दिखने से लोगों में खौफ है। डोबाभागू की ग्राम प्रधान हेमा तिवारी, पूर्णानंद तिवारी, निर्मल कुमार, उमेश राम आदि ने बताया कि क्षेत्र में रोज तेंदआ दिख रहा है। बच्चों को स्कूल भेजने में भी डर लग रहा है। इधर रेंजर दीप जोशी ने बताया कि तेंदुए को पकडऩे के लिए पिंजरा लगाया गया है। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। संवाद