टनकपुर (चंपावत)। शारदा वन रेंज से सटे उचौलीगोठ गांव में फिर से घुसे हाथी ने उत्पात मचाया। हाथी ने सोलर फेंसिंग पोल को क्षतिग्रस्त कर चार ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है।
प्रधान पूजा महर और समाजसेवी गणेश महर ने बताया कि शुक्रवार की रात हाथी ने सोलर फेंसिंग लाइन का पोल क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी रात में गांव में घुस आया और ग्रामीण ईश्वर सिंह, भवन सिहं, गोपाल सिंह व कुंदन सिंह की गेहूं और चने की फसल को नुकसान पहुंचाया। इससे पहले कुछ दिन पूर्व हाथी ने गांव में एक दुकान की दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया था।
हाथी तीन-चार दिन से पानी पीने के लिए सरकारी ट्यूबवेल के पास आ रहा है। इधर, रेंजर सुनील शर्मा ने बताया कि क्षतिग्रस्त भवन आदि का आकलन कर मुआवजा दिया जा रहा है। हाथियों के झुंड को गांव में घुसने से रोकने के लिए जंगल किनारे खाई खुदाई, नई सोलर लाइन, सुरक्षा दीवार और पुरानी सोलर लाइन की मरम्मत के लिए सर्वे किया जा रहा है। साथ ही वन कर्मियों की रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है।