त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूची में लगातार गड़बड़ियां उजागर हो रही हैं। 85 ग्राम पंचायत वाले पाटी विकासखंड की चौड़ागूंठ ग्राम पंचायत के छह से अधिक पुश्तैनी परिवारों के 40 लोग मतदाता सूची से बाहर हैं। परेशान लोगों ने खंड विकास कार्यालय में गुहार लगाई है।
चौड़ागूंठ ग्राम पंचायत के रंजीत बोहरा ने ग्राम पंचायत के 40 से अधिक लोगों के नाम गायब होने की शिकायत की है। उन्हें इसकी जानकारी 6 सितंबर को पाटी विकासखंड में मतदाता सूची देखकर लगी। मोहन सिंह बिष्ट, तारी देवी, खुशाल सिंह, माहेश्वरी देवी, भगीरथ उप्रेती, जमन सिंह आदि परिवारों के 40 लोग वोटर लिस्ट में नहीं है।
जबकि वे यहां के पुश्तैनी निवासी होने के साथ ही 2014 के त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव से लेकर 2017 के विधानसभा और इस साल अप्रैल में हुए लोकसभा चुनाव में मतदाता के रूप में दर्ज थे। नाम गायब होने से हैरत में आए रंजीत बोहरा ने शुक्रवार को इसकी सूचना खंड विकास अधिकारी को दी।
बीडीओ डॉ. अमित मंमगाई ने बताया कि मतदाता परिचय पत्र, आधार कार्ड और राशनकार्ड की छाया प्रति के अलावा एक रुपये के चालान के साथ मतदाता बनने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
2014 के चुनाव से 164 मतदाता कम हो गए
पाटी (चंपावत)। चंपावत जिले में अभी तक तीन ग्राम पंचायतों में आबादी से अधिक मतदाताओं के प्रकरण सामाने आ चुके हैं, लेकिन चौड़ागूंठ ग्राम पंचायत की तस्वीर इससे उल्ट है। यहां 2014 के त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव की अपेक्षा 164 वोटर घट गए हैं।
चंपावत विकासखंड के मैरोली में 400 की आबादी के सापेक्ष 419 मतदाता, तो पाटी विकासखंड के सिरतोली में 273 की आबादी के सापेक्ष 397 वोटर और लड़ी ग्राम पंचायत में 372 की आबादी के सापेक्ष 436 मतदाता हैं।
इन गड़बडिय़ों का अभी निस्तारण नहीं हुआ है। मगर पाटी के 921 की आबादी वाले चौड़ागूंठ ग्राम पंचायत में वोटरों की तादात पिछले पंचायती चुनाव से 164 कम कर दी गई है। 2014 के पंचायती चुनाव में यहां 656 मतदाता थे जो इस वक्त 492 हैं। ऐसे में ग्रामीण वोटर लिस्ट बनाने में बड़े पैमाने पर विभागीय चूक की आशंका जताते हुए जांच की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों को मतदाता सूची तैयार करते वक्त अपने नाम की जानकारी लेनी चाहिए थी। मतदाता सूची तैयार होने के बावजूद अब छूटे गए लोग जोड़े जाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उप जिलाधिकारी की जांच के बाद ऐसे लोगों के मामले निस्तारित हो सकेंगे। संजीव रावत, प्रभारी सहायक जिला निवार्चन अधिकारी, पंचस्थानी, चंपावत।