फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आम विद्यार्थियों के लिए खास होंगे आठ स्कूल, अंग्रेजी माध्यम से पढ़ेंगे

विज्ञापन
चंपावत का आदर्श जीआईसी भवन। - फोटो : CHAMPAWAT
विज्ञापन
चंपावत। जिले के आठ सरकारी स्कूल अगले शिक्षा सत्र से खास होंगे। राज्य सरकार के इन माध्यमिक स्कूलों में न पढ़ाने वालों की कमी होगी और नहीं पढ़ने वालों की। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) से मान्यताप्राप्त की अनिवार्यता के साथ इन स्कूलों में शिक्षण के लिए हिंदी के अलावा अंग्रेजी माध्यम भी होगा। साथ ही छात्र-छात्राओं दोनों को एक ही स्कूल में पढ़ाया जाएगा। इन आठों स्कूलों की ओर से इन दिनों मान्यता और अन्य जरूरी औपचारिकताओं को पूरा कराया जा रहा है।
विज्ञापन

शैक्षिक गुणवत्ता के मद्देनजर पिछले साल अटल उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत उत्तराखंड में सभी 95 ब्लॉकों में कुल 190 स्कूलों को चयनित किया गया। 2021-22 सत्र से इस योजना को शुरू किया जाना है। इसके तहत चंपावत जिले के चार ब्लॉकों में आठ जीआईसी-जीजीआईसी को अटल योजना में शामिल किया गया है।
इन स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं के अलावा हिंदी के साथ ही अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई का विकल्प भी रहेगा। इसके लिए शिक्षकों से विकल्प मांगे गए हैं। पढ़ाई के लिए शिक्षकों के सभी पदों की तैनाती के अलावा अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई, स्मार्ट कक्षाएं, फर्नीचर और अन्य सभी आधारभूत सुविधाएं भी मिलेंगी। योजना में शामिल चंपावत जीआईसी के प्रधानाचार्य मनोज कुमार जोशी का कहना है कि स्कूल की वेबसाइट के निर्माण के अलावा प्रधानाचार्य के डिजिटल हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी हो गई है, जबकि अन्य औपचारिकताओं को पूरा कराया जा रहा है।
विज्ञापन

फिलहाल बदहाल हैं आदर्श स्कूल
चंपावत। अटल उत्कृष्ट स्कूल योजना से पहले 2015 में आदर्श स्कूल योजना शुरू हुई थी। इसके तहत चयनित आठों स्कूलों के हाल बेहद बुरे हैं। चंपावत जीआईसी सहित किसी भी स्कूल में जरूरत के सापेक्ष शिक्षकों की तैनाती नहीं है। अब अटल उत्कृष्ट योजना के तहत शामिल किए गए आठ जीआईसी-जीजीआईसी के कुल 3399 छात्र-छात्राओं को पढ़ाने के लिए किसी भी स्कूल में पर्याप्त स्टाफ नहीं है। एलटी के 86 में से 13 शिक्षक और प्रवक्ता में 80 में से 38 पद खाली हैं। सबसे बुरे हाल सबसे अधिक 1034 छात्राओं वाले टनकपुर जीजीआईसी का है, जहां 26 में 14 शिक्षिकाएं नहीं हैं। चंपावत सहित तमाम स्कूलों में फर्नीचर से लेकर अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है।
चंपावत जिले के प्रस्तावित अटल आदर्श स्कूल
स्कूल छात्र संख्या शिक्षकों के खाली पद
चंपावत जीआईसी 400 4
टनकपुर जीजीआईसी 1034 14
पुलहिंडोला जीआईसी 401 7
लोहाघाट जीजीआईसी 470 2
पाटी जीआईसी 320 8
चौड़ामेहता जीआईसी 265 5
चौमेल जीआईसी 373 4
बाराकोट जीजीआईसी 136 7
कोट
चंपावत जिले के सभी आठों विद्यालयों की सीबीएसई मान्यता की प्रक्रिया शुरू की गई है। शिक्षकों से अंग्रेजी माध्यम के विकल्प मांगे गए हैं। उम्मीद है कि अटल उत्कृष्ट विद्यालय का संचालन नए शिक्षा सत्र से शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन

- आरसी पुरोहित, मुख्य शिक्षाधिकारी, चंपावत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें