लोहाघाट (चंपावत)। देवीधुरा वन विभाग की टीम ने ढोलीगांव से आठ क्विंटल लीसा बरामद किया है। यह लीसा सड़क के किनारे रखा गया था। वन विभाग ने बरामद लीसे को कब्जे में लेकर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।
वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात को गश्त के दौरान वन कर्मियों को ढोलीगांव के पास सड़क किनारे कुछ सामान दिखा। पास जाकर देखा तो झाड़ियों में लीसे के टिन छिपाए हुए थे। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि तस्कर रात में लीसे को अवैध रूप से चोरी छिपे ठिकाने लगाने के फिराक में थे। बताया कि 35 टिनों में करीब आठ क्विंटल लीसा बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि वन कर्मियों की दो अलग-अलग टीमें बनाकर टनकपुर व हल्द्वानी भेजा जा रहा है। इससे पूर्व 14 सितंबर को भी देवीधुरा के रिखोली के पास सड़क किनारे करीब 15 क्विंटल अवैध छिलका गुलिया बरामद हुआ था।