कलश को देहरादून ले जाने वाली कार को हरी झंडी दिखा रवाना करती जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय और
चंपावत। मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत बृहस्पतिवार को स्थानीय गौरलचोड़ मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी 313 ग्राम पंचायतों और चारों नगर निकाय क्षेत्रों से एकत्र मिट्टी और चावल के आठ कलशों को वाहन के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर देहरादून रवाना किया गया। इससे पूर्व कार्यक्रम वीर शहीदों, बलिदानियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
डीएम नवनीत पांडे ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत देशभर में ग्राम पंचायत स्तर से लेकर नगरीय क्षेत्रों में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन कर वीर सपूतों को याद किया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, क्षेत्र प्रमुख रेखा देवी, पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, श्याम नारायण पांडेय आदि ने शहीदों को याद कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद गोरलचौड़ मैदान से बस अड्डे तक रैली निकाली गई। स्थानीय परंपरा के अनुसार बनबसा से आए भूमसेन सास्कृतिक दल के कलाकारों ने ढ़ोल, नगाड़े और छोलिया नृत्य के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
संचालन सीडीओ आरएस रावत ने किया। वहां भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल महरा, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, एसडीएम सौरभ असवाल, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केएस बृजवाल, 5वीं बटालियन एसएसबी के अधिकारी जवान, व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी, शंकर दत्त पांडेय आदि थे।