पाटी (चंपावत)। पाटी ब्लाॅक के जूनियर हाईस्कूल बिसारी में दो वर्ष से शिक्षक नहीं होने से 34 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई दो शिक्षकों के भरोसे चल रही है। शिक्षक नहीं होने से 42 में से आठ बच्चों ने टीसी कटवा कर अन्य विद्यालयों में प्रवेश ले लिया।
अभिभावकों का कहना है कि कई बार विभाग से गुहार लगाने के बाद भी अभी तक विद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था नहीं हो पाई हैं। विद्यालय में तोली, रौलामेल, किम्वाडी, नैनी, झुडेली, पंतोला आदि गांवों के बच्चे पढ़ाई करने के लिए पांच किमी पैदल चल कर आते हैं।
लेकिन विद्यालय में शिक्षकों की कमी से बच्चों की सामान्य विषयों की पढ़ाई नहीं हो पा रही है। एसएमसी अध्यक्ष रेखा देवी ने बताया कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं जिले और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त कर चुके हैं।
प्रधान मीना देवी ने बताया कि शिक्षक को विभागीय कार्य के लिए बाहर जाने पर बच्चों की पढ़ाई में अनेक दिक्कतें हो जाती है। अभिभावकों का कहना है कि अगर शिक्षा विभाग शीघ्र विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती नहीं करता है तो वह अपने बच्चों की टीसी कटवा कर अन्य विद्यालयों में भेजने के लिए विवश होंगे।