चंपावत के सिप्टी में आयोजित ऐंपण प्रशिक्षण में मौजूद महिलाएं। संवाद
चंपावत। उत्तराखंड 25 आदर्श चंपावत के तहत जिले के सिफ्टी गांव में यूकाॅस्ट ने टेक्नोलाॅजी रिसोर्स सेंटर की स्थापना की है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को विभिन्न रोजगार परक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है।
जिला मुख्यालय में 14 किमी दूर सिफ्टी गांव में जूट बैग और ऐपण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर महानिदेशक यूकाॅस्ट प्रोफेसर दुर्गेश पंत ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर कहा कि रिसोर्स सेंटर में महिलाओं को प्रशिक्षित करने के लिए ऐपण और हथकरघा आदि प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें महिलाओं को ऐपण और जूट के बैग बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। समन्वयक यूकाॅस्ट देवेंद्र सिंह ने कहा कि यूकाॅस्ट जिले में महिलाओं की आजीविका में सुधार करने के लिए महिला प्रौद्योगिकी केंद्र की स्थापना के साथ ही अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। अध्यक्ष चैतन्य मौनालय और कृषि सेवा समिति हल्द्वानी संजय जोशी ने कहा कि यूकाॅस्ट महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए इस केंद्र की स्थापना की जा रही है। ऐपण प्रशिक्षक मोनिका बोहरा ने कहा कि ऐपण वर्तमान में स्वरोजगार का माध्यम बन रहा है। हथकरघा प्रशिक्षक मंजुला रावत ने कहा कि जूट बैग बनाकर महिलाएं अपनी आजीविका सुधार सकती हैं। इस दौरान गांव की करीब 60 महिलाएं मौजूद रहीं।