चंपावत। जिले के लधौली क्षेत्र में स्कूल बस पर पथराव और तीर्थ यात्रियों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दो लोगों के खिलाफ नामजद और सात अन्य अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रविवार को सितारगंज के ब्लाक प्रमुख परविंदर सिंह के नेतृत्व में सितारगंज क्षेत्र से लोग पहुंचे। उन्होंने मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की मांग कोतवाल योगेश उपाध्याय से की। मारपीट में घायल सितारगंज निवासी भूपेंद्र सिंह ने पुलिस दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपी। उन्होंने बताया कि शनिवार को वह अपने साथी अर्शदीप के साथ बुलेट में स्कूल टूर लेकर रीठा साहिब जा रहे थे। आरोप लगाते हुए बताया कि इस दौरान लधौली क्षेत्र में शाम करीब साढ़े चार बजे संजय सिंह फर्त्याल, दीपक और अन्य अज्ञातों ने उन्हें डंडों और धारदार हथियार से उन पर और स्कूली बस पर हमला किया। उनका आरोप है कि आरोपियों ने उनकी पगड़ी उतारी और उन्हें लगातार पत्थर से मारते रहे। इससे वह बेहोश हो गए। इस दौरान वह बस पर भी हमला करते रहे। किसी तरह उन्होंने अपनी जान जंगल की ओर भागकर बचाई। कोतवाल योगेश उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के बाद आईपीसी की 307, 147, 148, 295 धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
मामला हाई प्रोफाइल
चंपावत। लधौली क्षेत्र में हुई मारपीट का यह मामला हाई प्रोफाइल है। सितारगंज के ब्लाक प्रमुख सत्ता पार्टी से संबंध रखते हैं। इस घटना के बाद से सितारगंज क्षेत्र में आक्रोश है। हालांकि इस घटना के बाद सिख समुदाय के लोग डर में भी हैं। उनका कहना है कि तीर्थयात्री अक्सर गुरुद्वारा दर्शन के लिए परिवार के साथ रीठा साहिब जाते हैं, लेकिन इस घटना के बाद से उनमें डर बैठ गया है। भविष्य इस तरह की घटना को लेकर उनके मन में संशय पैदा हो गया है। बताया जा रहा है कि स्कूली बस में सवार बच्चे ब्लाक प्रमुख के स्कूल के थे। ब्लाक प्रमुख भी रीठा साहिब दर्शन के लिए जा रहे थे।