चंपावत जिला अस्पताल में ईएनटी कक्ष के बाहर मरीजों की लगी भीड़।संवाद
चंपावत। जिला अस्पताल में कान में मवाद के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। अस्पताल में रोजाना 40 से अधिक मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं।
जिला अस्पताल के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र चौहान ने बताया कि अस्पताल में बारिश और नहाते समय कानों में पानी जाने से कान में मवाद के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा छोटे बच्चों में लगातार बने रहने वाले जुकाम और खांसी से इंफेक्शन गले के रास्ते कान के परदे के पीछे चला जाता है। समय पर इलाज ना मिलने पर कान के परदे में छेद हो जाता है। इसके लक्षण कान में तेज दर्द, कान से पानी या मवाद आना, कान भरा हुआ लगना, कान में भारीपन, कान में तेज खुजली होना, चक्कर आना होता है। बताया कि इससे बचने के लिए कान में रूई डालकर नहाना, बारिश में कान में रूई डालकर पानी को कान में जाने से रोकना चाहिए। अधिक दिक्कत होने पर चिकित्सक की सलाह लेकर इलाज कराएं। संवाद