सूखीढांग में अमरू बैंड के पास खाई में गिरा डंपर।
- फोटो : amar ujala
टनकपुर-पिथौरागढ़ बारहमासी सड़क का निर्माण कर रही आरजी बिल्डवेल कंपनी का एक डंपर सड़क कटिंग का मलबा फेंकते वक्त खाई में जा गिरा। हादसे में हल्द्वानी निवासी डंपर चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर चालक का शव खाई से निकाला।
आरजी बिल्डवेल कंपनी का डंपर (यूके 04 सीबी/1845) शुक्रवार को अमरू बैंड (सूखीढांग) के पास सड़क कटिंग का मलबा खाई की तरफ फेंक रहा था कि तभी डंपर अनियंत्रित होकर करीब ढाई सौ मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में डंपर चालक हल्द्वानी के लाइन नंबर दस गांधी नगर निवासी ख्याली राम (55) पुत्र ऋषिपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के वक्त डंपर में सिर्फ चालक ही मौजूद था। सूचना मिलते ही चल्थी चौकी इंचार्ज प्रकाश विश्वकर्मा के नेेतृत्व में पुलिस फोर्स घटना स्थल पर पहुंचा और आसपास के लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।
चल्थी चौकी इंचार्ज ने बताया कि पुलिस के साथ ही कार्यदायी कंपनी के लोगों ने चालक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। बहरहाल घटनास्थल पर जरूरी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए चालक के शव को संयुक्त चिकित्सालय में लाया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजन नहीं पहुंच पाए थे।