बनबसा में एनएच के डिवाइडर पर उचित स्थान में कट के लिए ज्ञापन सौंपते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण कार्य में कार्यदायी एजेंसी एनएचएआई पर नागरिकों ने दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों किनारों पर बनाई जा रही नालियों का लेवल कहीं सड़क के बराबर तो कहीं ऊंचा किया गया है। जिससे घरों के लिए वाहनों का रास्ता बाधित हो गया है। उन्होंने प्रशासन से घरों के गेट के पास नाली का लेवल सड़क के बराबर किए जाने की मांग उठाई है। इधर, बनबसा के लोगों ने भी ज्ञापन सौंप बनबसा में निर्मित डिवाइडर में उचित स्थानों पर कट देने की मांग की है।
जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद के नेतृत्व में एसडीएम अनिल चन्याल को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है एनएचएआई द्वारा सड़क किनारे बनाई जा रही नालियों का लेवल ऊंचा किया जा रहा है। इससे वाहन लेकर लोगों को घर जाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कार्यदायी एजेंसी कहीं नाली का लेवल सड़क के बराबर तो कहीं ऊंचा कर निर्माण में दोहरे मापदंड अपनाए जा रहे हैं। एसडीएम ने वार्ता कर इस समस्या का समाधान कराने की बात कही है। इस मौके पर रिटायर्ड ब्रिगेडियर पुष्कर चंद, रिटायर्ड एडीओ सुरेंद्र चंद, कैप्टन चंद्रशेखर गहतोड़ी, दिवाकर भट्ट, जगदीश पुनेठा, हरीश राजा, कांतिबल्लभ जोशी मौजूद थे। इधर पूर्व जिला पंचायत सदस्य विमला सजवान के नेतृत्व में एसडीएम के माध्यम से एनएच के परियोजना प्रबंधक को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि बनबसा में बनाए गए डिवाइडर से सड़क पार कर संपर्क मार्गों पर जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। उन्होंने जरूरी स्थानों पर डिवाइडर में कट देने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में संजय मल्ल, त्रिलोक भट्ट, सिकंदर, प्रकाश, शिवकुमार, छतर राम आदि थे।