सूखीढांग बृजनगर में नाली निर्माण के लिए की गई खुदाई के कारण बंद पड़ी दुकानें।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-चंपावत बारहमासी सड़क का निर्माण कार्य कर रही ठेकेदार कंपनी की सुस्त कार्य गति ने सूखीढांग बृजनगर दुकानदारों की रोजी-रोटी को प्रभावित कर दिया है। नाली निर्माण के लिए की गई खुदाई से जहां दुकानदारों का व्यवसाय चौपट हो गया है, वहीं पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त किए जाने से पानी का भी संकट बना हुआ है। इस समस्या के चलते छह व्यापारी अपनी दुकान अपनी दुकानें बंद रखने को मजबूर हैं। उन्होंने निर्माण कार्य तेजी से पूरा नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
तल्लापाल विलौन संघर्ष समिति के अध्यक्ष पं. शंकर दत्त जोशी ने बताया कि बारहमासी सड़क निर्माण कर रही ठेकेदार कंपनी आरजीबी की सुस्त गति प्रमुख यात्री पड़ाव बृजनगर के दुकानदारों के लिए आफत बनी हुई है। नाली निर्माण के लिए दुकानों की ओर सड़क किनारे खुदाई तो कर दी गई, लेकिन निर्माण नहीं किया जा रहा है। जिससे दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो गया है। इतना ही नहीं बृजनगर के समीप पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है जिसे अब तक ठीक नहीं किया गया है। जिससे लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि दुकान के आगे नाली खुदी होने से करीब आधा दर्जन दुकानदार अपनी दुकानें बंद रखने को विवश हो गए हैं। कहा कि ठेकेदार कंपनी के लोगों से आपत्ति करने पर वे अभद्रता पर उतारू होते हैं। उन्होंने कहा है कि यदि नाली निर्माण के साथ ही क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को जल्द ठीक नहीं किया गया तो लोग आंदोलन की राह पकड़ने को बाध्य होंगे।