चंपावत के सीमांत तामली में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते डीएम नरेंद्र सिंह भंडार
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को सीमांत तामली क्षेत्र में पेयजल संबंधी दिक्कतों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में नेट कनेक्टिविटी को ठीक करने के लिए 46 मोबाइल टावर फोर जी के लगाए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से टावर लगाने के लिए भूमि दान देने की अपील की।
तामली के रामलीला मैदान में आयोजित जन सुविधा शिविर में लोगों ने डीएम के समक्ष पेयजल समस्या को उठाया। कहा कि प्रत्येक गांव एवं तोक में पानी की समस्या लगातार बढ़ रही है। पूर्व में लगाए गए स्टैंड पोस्टों में से अधिकतर में पानी नहीं आ रहा है। बताया गया कि जल संस्थान की ओर से तामली क्षेत्र के लिए जल जीवन मिशन में 1.44 करोड़ की लागत से पेयजल योजना के निर्माण की कार्रवाई गतिमान है। दिसंबर तक पेयजल समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र के ग्यूचा, भट्ट कांडा, बॉयल के खर्क सहित अन्य क्षेत्रों में विद्युतीकरण करने की मांग की। बचकोट की कुंती देवी का विद्युत संयोजन, स्ट्रीट लाइट, पानी एवं शौचालय की व्यक्तिगत समस्या पर डीएम ने 15 दिन के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान डीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तामली, हेलिपैड, जीआईसी का निरीक्षण भी किया।
शिविर में आधार कैंप लगाकर आधार कार्ड भी बनाए गए। इस दौरान डीएफओ आरसी कांडपाल, डीडीओ एसके पंत, जिला पंचायत सदस्य दलीप सिंह महर, बचकोट प्रधान पुष्कर सिंह, पोलप के पूर्व प्रधान प्रहलाद सिंह, तामली प्रधान भावना जोशी, पोलप प्रधान सरिता देवी आदि मौजूद थे।