नगर पालिका के भैरवां वार्ड में लोगों को जाड़ों में बिजली और गर्मियों में पानी की समस्या रहती है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
भैरवां वार्ड के लोग जाड़ों में बिजली की समस्या झेलते हैं। अधिकतर जगह स्ट्रीट लाइट तो लगी है लेकिन इस वक्त यहां के लोग लो-वोल्टेज की परेशानी से जूझते हैं। जाड़ों में बिजली की जरूरत और मांग में करीब 15 प्रतिशत का इजाफा होता है। ठंड से बचने के लिए गरम पानी और हीटर आदि का उपयोग बढ़ता है। बार-बार फ्यूज उड़ने और लो-वोल्टेज के चलते लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है।
भैरवां वार्ड में गर्मियों में पानी की समस्या रहती है। लोगों का कहना है कि गर्मियों में यहां पहली मंजिल में भी पानी की आपूर्ति चुनौती बनती है। लोग पानी के लिए लंबी दौड़ लगाने को मजबूर हैं। कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था वार्ड में बेहतर है। अमूमन पर्यावरण मित्र नियमित रूप से कूड़ा उठाने आते हैं। उनका कहना है कि सीसी मार्ग को फिसलन से बचाने के लिए टायल लगाई जानी चाहिए।
भैरवां वार्ड में एक सीसी मार्ग की मरम्मत कराई गई है। जबकि दूसरे मार्ग का काम शुरू होना है। इसके अलावा यहां नौलों के संरक्षण के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। नंदन तड़ागी, सभासद।
भैरवां वार्ड में गर्मियों में पानी की दिक्कत है। इससे बचने के लिए पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने के साथ धारे-नौले को संरक्षित किया जाना चाहिए। नीमा पांडेय।
वार्ड में जाड़ों में बिजली की भारी दिक्कत होती है। बार-बार फ्यूज उड़ने से बत्ती गुल होती है। साथ ही लो-वोल्टेज से कामकाज पर असर पड़ता है। भुवन फुलारा।
भैरवां वार्ड के कई रास्ते फिसलन भरे हैं। इससे बचने के लिए टायल लगाई जाएं। साथ ही नए रास्तों का निर्माण कर आवाजाही को बेहतर किया जाए। त्रिभुवन गोस्वामी।
भैरवां वार्ड में अधिकांश व्यवस्थाएं ठीकठाक हैं। बिजली-पानी जैसी जरूरी सुविधाओं को बेहतर करने की जरूरत है। हेमंत जोशी।
भैरवां वार्ड की गलियां।- फोटो : CHAMPAWAT