खेतीखान में प्रदर्शन करते पेयजल किल्लत से परेशान नागरिक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : CHAMPAWAT
पाटी (चंपावत)। पाटी ब्लॉक के खेतीखान में तीन महीने से पेयजल लाइन टूटी है। इस कारण पानी सड़क पर बह रहा है और लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। परेशान व्यापारियों और नागरिकों ने रविवार को प्रदर्शन कर दो दिन के भीतर पेयजल लाइन दुरुस्त नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि खेतीखान में पेयजल की मुख्य लाइन पिछले तीन महीने से टूटी है। इस कारण बाजार में पानी नहीं आ रहा है। दूसरी लाइन से जोड़ने के बावजूद बेहद कम पानी मिल रहा है। स्टेशन बाजार, तल्ली बाजार, मल्ली बाजार, जीआईसी चौक आदि के लोग दूरदराज से पानी ढोने को मजबूर हैं। वहीं लाइन खराब होने से पानी सड़क पर बह रहा है इससे सड़क को भी नुकसान हो रहा है।
प्रदर्शन करने वालों में अनिल बोहरा, राजेंद्र बोहरा, राहुल बोहरा, दीपक वर्मा, सुशील जोशी, आलोक वर्मा, निक्की वर्मा, नितिन गड़कोटी, निर्मल कुमार, शालू बोहरा, दिगराज बिष्ट आदि शामिल थे। वहीं जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता चंद्रशेखर पंत का कहना है कि लाइन ठीक कराई जा रही है। मंगलवार तक व्यवस्था सुचारु हो जाएगी।