लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के ग्राम सभा सुई पऊ के चौबे गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। करोड़ों से बनी लिफ्ट पेयजल योजना भी ग्रामीणों की प्यास नहीं बुझा पा रही है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पेयजल समस्या के समाधान की गुहार लगाई है।
ग्रामीण बसंत चौबे, गोकुल चौबे, हरीश चौबे आदि का कहना है कि ग्रामसभा पऊ के लिए करोड़ों रुपये लागत से बनी लिफ्ट पेयजल योजना में पेयजल की अनियमित आपूर्ति की जा रही है। कहा, सुबह के समय महज 30 मिनट ही नलों में पानी आता है। इससे लोगों को करीब 100 लीटर पानी मिल रहा है। कहा कि ग्रामीण प्राकृतिक जलस्रोत से पानी ढोकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। कभी तो दो दो दिन तक पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि पेयजल समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन किया जाएगा। संवाद