चंपावत। जिले में जल जीवन मिशन के तहत चारों विकासखंडों में छूटे हुए 36 हजार से अधिक परिवारों को पेयजल कनेक्शन देने की योजना पर काम शुरू हो गया है। जल संस्थान, जल निगम और स्वजल की ओर से सभी छूटे हुए परिवारों तक पेयजल उपलब्ध कराने के लिए डीपीआर बनाने का कार्य तेज कर दिया गया है। योजना के क्रियान्वयन के लिए स्वजल परियोजना को तीनों विभागों का नोडल बनाया गया है।
जिले में वर्तमान में 45890 परिवारों में से 9071 परिवारों के पास पेयजल संयोजन हैं। जल जीवन मिशन योजना के तहत छूटे हुए शेष 36819 परिवारों को वर्ष 2022 तक पेयजल संयोजन उपलब्ध कराया जाना है। नोडल अधिकारी विलाल यूनुस के अनुसार बाराकोट ब्लाक में 4896, चंपावत में 19474, लोहाघाट में 8381 और पाटी में 4068 परिवारों तक पेयजल संयोजन उपलब्ध कराने के लिए डीपीआर बनाने का कार्य तेज कर दिया गया है। पेयजल निगम की ओर से चंपावत में 3632, लोहाघाट में 2409, बाराकोट में 1323 व पाटी में 1194 पेयजल योजनाओं की डीपीआर तैयार की जा रही है। जबकि जल संस्थान की ओर से चंपावत में 12575, लोहाघाट में 4634, बाराकोट में 1981 व पाटी में 2014 और स्वजल परियोजना की ओर से चंपावत ब्लाक में 3267, लोहाघाट में 1338, बाराकोट में 1592 व पाटी ब्लाक में 860 तोकों के लिए पेयजल योजनाओं की डीपीआर तैयार की जा रही है।