लोहाघाट (चंपावत)। नगर लोहाघाट में पेयजल समस्या के समाधान को लेकर जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की पालिका सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सरयू लिफ्ट पेयजल योजना और लोहाघाट नगर में पेयजल समस्या के समाधान पर चर्चा की गई।
पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें लोगों ने कहा कि जल संस्थान के अधिकारियों से नलों में तीसरे और चौथे दिन पानी आने की शिकायत की जा रही है, लेकिन विभाग उनकी नहीं सुन रहा है। जल संस्थान के ईई बेलाल युनूस ने बताया कि गर्मी के सीजन में मुख्य पेयजल टैंक में अतिरिक्त वाहनों के जरिए पानी डाला जाएगा। ताकि लोगों को एक दिन छोड़कर पानी मिल सके। पंपिंग योजना में बिजली की आपूर्ति की समस्या को देखते हुए जनरेटर की व्यवस्था की जा रही है।
इधर जल निगम के ईई बीके पाल ने बताया कि सरयू लिफ्ट पेयजल योजना की डीपीआर तीसरी बार बनाकर हल्द्वानी डिवीजन को भेजी गई है। जिसे जल्द ही शासन को भेजी जाएगी। पालिका अध्यक्ष वर्मा ने जल संस्थान की कार्य प्रणाली पर गहरा आक्रोश जताते हुए इसे सुधारने के निर्देश दिए। वहां भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, मनीष जुकरिया, गिरीश कुंवर, योगेश मेहता, सुभाष बगौली, सतीश पांडेय, विवेक ओली, राजू गड़कोटी आदि मौजूद रहे।
सरयू लिफ्ट पेयजल योजना के नाम पर गुमराह कर रही सरकार: भूपाल
लोहाघाट (चंपावत)। नगर लोहाघाट में सरयू लिफ्ट पेयजल योजना की मांग को लेकर लोहाघाट विकास संघर्ष समिति का धरना प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने शासन प्रशासन पर जनता को डीपीआर के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया। लोहाघाट विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष विपिन गोरखा ने कहा कि नगर लोहाघाट पेयजल समस्या से जूझ रहा है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन इसका स्थाई समाधान नहीं कर पाया है।
लोग लोहावती नदी के गंदे पानी से निजात पाने के लिए सरयू लिफ्ट पेयजल योजना की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार कोरी घोषणाएं कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। धरने पर बैठे लोगों ने कहा कि जब तक सरयू लिफ्ट योजना की प्रगति नहीं हो जाती है वह धरने पर बैठे रहेंगे और इसे उग्र आंदोलन का रूप दिया जाएगा। वहां प्रहलाद सिंह मेहता, प्रकाश पुनेठा, भूपाल सिंह मेहता, डीडी पांडेय, शैलेंद्र राय, रनजीत सिंह अधिकारी, लोकेश पांडेय आदि थे।